धनबाद: मैथन डैम में रविवार को बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया। पर्यटकों से भरी एक नाव चट्टान से टकरा गई, जिससे नाव में दरार आ गई और उसमें पानी भरने लगा। हादसे के बाद नाव में सवार पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नाव में कुल 14 पर्यटक सवार थे। चट्टान से टकराने के बाद नाव डूबने की स्थिति में पहुंच गई। पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी 14 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर नाव के चट्टान से टकराने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
इस घटना के बाद मैथन डैम में नौकायन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
Leave a comment