
हजारीबाग। शहरवासियों को आधुनिक व्यायाम सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को मतवारी स्थित गांधी मैदान में ओपन जिम का उद्घाटन किया गया। जिला प्रशासन एवं एक्सिस बैंक के सीएसआर के सहयोग से स्थापित जिम का उद्घाटन उपायुक्त हेमंत सती, महापौर अरविंद कुमार राणा, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, एडीपीओ पंकज तिवारी, वार्ड-12 के पार्षद मिथिलेश सिन्हा तथा एक्सिस बैंक के क्लस्टर पदाधिकारी राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि ओपन जिम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने शहरवासियों से नियमित रूप से इसका उपयोग करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि नगर निगम ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ओपन जिम स्थापित करने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को दिया था। उन्होंने बताया कि उपायुक्त को पत्र लिखकर आधा दर्जन स्थानों पर ओपन जिम लगाने का अनुरोध किया गया था, ताकि सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने आने वाले लोगों को आधुनिक फिटनेस सुविधाएं मिल सकें।

महापौर अरविंद कुमार राणा ने जिला प्रशासन एवं एक्सिस बैंक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पहल “स्वस्थ हजारीबाग, सक्षम हजारीबाग और स्वच्छ हजारीबाग” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बाबू कुमार सिंह स्टेडियम, कन्हरी हिल, झील परिसर समेत शहर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग नियमित व्यायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, नगर निगम, एक्सिस बैंक के अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a comment