
हजारीबाग: झारखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय, रांची की ओर से हजारीबाग जिला पुलिस को 30 नई डायल-112 आपातकालीन वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे पहले भी जिले को 28 नई डायल-112 गाड़ियां मिल चुकी हैं। इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले की पुलिसिंग और अधिक सशक्त होगी तथा आपातकालीन सेवाओं की गति में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
बुधवार को पुलिस लाइन, हजारीबाग में आयोजित कार्यक्रम में अमन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, विष्णुगढ़ एसडीपीओ फैजान अहमद, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मोहम्मद अरमानुल हक तथा परिचारी प्रवर कुमार देवव्रत ने संयुक्त रूप से सभी नई डायल-112 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण थानों के लिए रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि इन डायल-112 वाहनों की तैनाती से अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तथा नशा विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में आम जनता को पहले से अधिक तेज और बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
हजारीबाग पुलिस का यह कदम आधुनिक, त्वरित और जनहितैषी पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नई डायल-112 गाड़ियों के संचालन से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
Leave a comment