रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक
पतरातु । बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी ने पतरातू प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना और उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था को लेकर झारखंड विधानसभा में शून्य काल के माध्यम से सदन को अवगत कराया । विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ पतरातू क्षेत्र की आबादी और विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।
विधानसभा में पूछे गए सवाल में विधायक रोशन लाल चौधरी ने सरकार से जानना चाहा कि रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में डिग्री अथवा तकनीकी महाविद्यालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पतरातू में डिग्री महाविद्यालय खोलने की योजना और उसकी संभावित समय-सीमा के संबंध में भी जानकारी मांगी।
सरकार ने बताया – उपयुक्त भूमि की तलाश जारी
सरकार की ओर से दिए गए जवाब में बताया गया कि पतरातू प्रखंड में वर्तमान में पीटीपीएस कॉलेज, पतरातू, जुबली कॉलेज भुरकुंडा और जेएम कॉलेज भुरकुंडा संचालित हैं। वहीं, पतरातू में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना के लिए 5.37 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया है।
डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर सरकार ने बताया कि मौजा हेसला में पीटीपीएस द्वारा अधिग्रहित 5.37 एकड़ भूमि को महाविद्यालय के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन जांच के बाद उक्त भूमि डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए उपयुक्त नहीं पाई गई। इसके बाद पुनः विन्यास पत्रांक-723, दिनांक 28 जुलाई 2026 के माध्यम से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है मुद्दा : रोशन लाल चौधरी
विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पतरातू झारखंड का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर पर्याप्त शैक्षणिक संस्थान नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पतरातू में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके लिए वे विधानसभा के माध्यम से लगातार आवाज उठाते रहेंगे और सरकार से जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराकर डिग्री कॉलेज की स्थापना की दिशा में ठोस पहल करने की मांग करेंगे।
विधायक ने कहा कि पतरातू के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए अपने घर-परिवार से दूर जाने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेगी, जिससे पतरातू और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगा।
Leave a comment