
80वें स्वतंत्रता दिवस पर चिकित्सकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आरोग्यम परिवार समाज की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है : हर्ष अजमेरा

युवा शक्ति देश की ताकत है, शिक्षा के साथ राष्ट्रसेवा की भावना जरूरी है : जया सिंह
हजारीबाग

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हजारीबाग के आरोग्यम परिवार में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। एचजेडबी आरोग्यम सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, एचजेडबी आरोग्यम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग तथा एचजेडबी आरोग्यम कुणाल वुमन एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में गरिमापूर्ण तरीके से स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। तीनों संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा का संदेश दिया गया। मुख्य समारोह में एचजेडबी आरोग्यम सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रजत चक्रवर्ती ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान शहीदों और देश के महानायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में आरोग्यम ग्रुप के निदेशक हर्ष अजमेरा समेत चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर सपूतों के बलिदान को याद करने के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देता है। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंदों की सेवा करना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आरोग्यम परिवार इसी भावना के साथ निरंतर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आरोग्यम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और आकर्षक मॉडल प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। पढ़ाई एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और उनके भीतर सेवा, अनुशासन तथा राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होना जरूरी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल बेहतर करियर बनाना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। वहीं, एचजेडबी आरोग्यम कुणाल वुमन एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में डॉक्टरों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान अस्पताल परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगान से वातावरण गूंजता रहा। आरोग्यम परिवार के सभी संस्थानों में आयोजित कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
Leave a comment