गिरिडीह। जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के मंडरडीह (लेढ़वा) में मंगलवार रात हाथी के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान 70 वर्षीय मंगरा मांझी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी बड़की देवी (65) का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात में बड़की देवी अपने पति को शौच के लिए बाहर लेकर गई थीं। इसी दौरान हाथी वहां पहुंच गया और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, हमला करने वाला हाथी झुंड से बिछड़कर इलाके में घूम रहा था। वहीं, मृतक के परिजनों की ओर से मौके पर कई हाथियों के मौजूद होने की बात कही गई है। इस संबंध में वन विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पीरटांड़ क्षेत्र में हाथियों का झुंड सक्रिय था। वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से बाहर निकालने के प्रयास में जुटी थी।
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
फिलहाल घायल बड़की देवी का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से दूर करने के प्रयास में जुटी है।
Leave a comment