
बिना हेलमेट 103, ट्रिपल लोडिंग 33 और मोबाइल पर बात करते 10 वाहन चालकों पर कार्रवाई—239 वाहनों के कटे चालान
हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार 28 एवं 29 सितंबर 2026 को शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने वालों पर भी यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। छोटे क्रेन (टो मशीन) के जरिए ऐसे वाहनों को मौके से हटाया गया।
अभियान पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में तथा यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रिय निगरानी में चलाया गया। अभियान में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं गृहरक्षकों की टीम शामिल रही।
टीम ने इंद्रपुरी चौक, डॉक्टर गली, आनंद चौक, कांग्रेस चौक, गुरु गोविंद सिंह रोड, पैगोडा चौक, मेन रोड, झंडा चौक, खाजा चौक, सांसद महोदय मोड़, सुंदरी मार्केट, पंच मंदिर चौक, छोटी ग्वालटोली, सुजात चौक, सरदार चौक एवं वंशीलाल चौक सहित प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की।
कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट 103, ट्रिपल लोडिंग 33 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले 10 चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं नो-पार्किंग के उल्लंघन में 239 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों के चालान काटे गए। छोटे क्रेन की मदद से नो-पार्किंग जोन में खड़े 10 वाहनों को उठाकर कार्रवाई की गई।

यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रियता और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर लगातार की जा रही कार्रवाई की सराहना की जा रही है। उनकी निगरानी में चल रहा यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात और नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए अनूप प्रसाद की तत्परता और टीम के साथ लगातार फील्ड में सक्रिय रहना निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। नो-पार्किंग के खिलाफ क्रेन कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों को अब कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे शहर की सड़कों पर यातायात अनुशासन और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम माना जा रहा है।
Leave a comment