पाकुड़ ब्यूरो | जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत बुधवार को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित डिजिटाइजेशन कैंप का जायजा लेने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज विभिन्न बूथों पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।
उपायुक्त ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के केकेडीएम उच्च विद्यालय, झिकरहटी स्थित बूथ संख्या 372 एवं 373 तथा किस्मत कदमसार पंचायत भवन स्थित बूथ संख्या 412 एवं 414 का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के डिजिटाइजेशन की प्रगति की जानकारी ली।

नए मतदाताओं को गुलाब देकर किया सम्मानित
कैंप के दौरान मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इस मौके पर उपायुक्त ने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें गुलाब का फूल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

उपायुक्त ने नए मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बीएलओ को दिए स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाताओं को डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की सरल और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, SIR प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन माध्यम से आवश्यक दस्तावेज जमा करने तथा बीएलओ के माध्यम से दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से भी लोगों को अवगत कराया जाए।
उन्होंने फॉर्म-6 के संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि प्राप्त प्रपत्रों का नियमानुसार सत्यापन कर डिजिटाइजेशन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
जिनके नोटिस का निराकरण नहीं हुआ, उनके घर पहुंचेगा प्रशासनिक तंत्र
उपायुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं के नोटिस का अभी तक निराकरण नहीं हुआ है, उनके घर-घर जाकर बीएलओ द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को इस कार्य को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वयं कुछ मतदाताओं के प्रपत्र और दस्तावेजों की जांच की। जिन दस्तावेजों में कमी पाई गई, संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा प्रपत्र पूर्ण करने के संबंध में जानकारी दी गई।
एक भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे
उपायुक्त ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने मतदाताओं की समस्याओं और शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने बीएलओ से कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें और प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
Leave a comment