पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और पुलिस पर हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की शाम लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान रक्साहा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. इसकी सूचना मिलने पर रेहला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी अतिरिक्त बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया.
घटनास्थल पर करीब 200 से 300 लोगों की भीड़ मौजूद थी. पुलिस के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने लोगों को पुलिस के खिलाफ उकसाया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस दौरान सरकारी वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में हल्का बल प्रयोग किया और हवाई फायरिंग भी की.पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विश्रामपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल होने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में पिंटु कुमार चौधरी, विकास कुमार चौधरी, रोहित कुमार चौधरी, कंचन कुमार चौधरी, विकास चौधरी, धर्मदेव चौधरी, बिनोद चौधरी और बिजय कुमार चौधरी शामिल हैं. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.





Leave a comment