
हजारीबाग। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था, सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने इस बार छठ घाटों की व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता एवं उप महापौर श्री अविनाश कुमार यादव स्वयं मैदान में उतरकर तैयारियों की कमान संभाल रहे हैं। प्रमुख छठ घाटों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है, वहीं अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पर्व से पहले सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं।

नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम की सक्रियता और कार्यों की गति इस बात का संकेत है कि इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। खास बात यह है कि अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर निर्देश देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वयं घाटों पर पहुंचकर जमीनी हकीकत देख रहे हैं और कमियों को तत्काल दूर कराने की पहल कर रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त श्री अनिल पाण्डेय एवं श्री विपिन कुमार सहित पूरी टीम भी तैयारियों को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

छठ घाटों की स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। घाटों के साथ-साथ संपर्क मार्गों और आसपास के इलाकों की सफाई कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम क्षेत्र के लगभग 15 प्रमुख छठ स्थलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। झील परिसर, गांधी स्मारक झील, छठ तालाब, ओकनी तालाब, जबरा तालाब और हुरहुरू तालाब समेत अन्य घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बैरिकेडिंग को ग्रीन मैट से कवर करने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि घाटों पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाया जा सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर नगर निगम ने इस बार विशेष तैयारी की है। व्रतियों की निजता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 191 चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। इसके लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत भी सहयोग लिया जा रहा है। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए पानी के टैंकर तथा चलंत शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा चूना, ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी का छिड़काव कर स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
नगर आयुक्त एवं सहायक नगर आयुक्तों की निगरानी में झील परिसर, कैफेटेरिया झील, गांधी स्मारक झील, ओकनी तालाब, खजांची तालाब, पारनाला, लंबा तालाब, जोड़ा तालाब, कोनार नदी के मासीपीढ़ी एवं मायापुरी घाट सहित विभिन्न छठ स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। नगर निगम क्षेत्र के छोटे-बड़े अन्य तालाबों पर भी सफाई एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार जारी हैं।
नगर निगम की कार्यशैली की एक महत्वपूर्ण पहल यह भी रही कि अधिकारियों ने छठ पूजा समितियों को साथ लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने की पहल की है। खजांची तालाब परिसर में खजांची तालाब, हुरहुरू तालाब, गांधी स्मारक एवं मासीपीढ़ी छठ पूजा समितियों के सदस्यों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। इसमें घाटों की व्यवस्था, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त एवं उप महापौर ने समिति के सदस्यों के सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। पूजा समितियों ने भी नगर निगम की तैयारियों और सक्रियता पर संतोष जताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस पूरी कवायद में नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता की सक्रिय नेतृत्व क्षमता और सहायक नगर आयुक्त श्री अनिल पाण्डेय एवं श्री विपिन कुमार की कार्य तत्परता विशेष रूप से सराहनीय है। अधिकारियों की टीम भावना, नियमित स्थल निरीक्षण और पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने की पहल से छठ महापर्व की तैयारियों को नई गति मिली है। नगर निगम का यह प्रयास केवल घाटों की साफ-सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की व्यापक सोच को दर्शाता है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद श्री अनिल प्रसाद, श्री कैलाश कुमार, श्री भूलन राम एवं श्रीमती मोना देवी, पार्षद प्रतिनिधि श्री विशाल वर्मा, श्री विशु विश्वकर्मा, श्री राजेश सिन्हा एवं श्री नीरज पासवान, नगर प्रबंधक श्री संतोष कुमार, श्री सतीश कुमार, श्री प्रीतम कुमार तथा हेड जमादार श्री दीपक गोस्वामी सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, हजारीबाग नगर निगम इस बार छठ महापर्व को लेकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जुटा है। नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता एवं उनकी टीम की सक्रिय पहल से घाटों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। नगर निगम का लक्ष्य स्पष्ट है—हर छठ व्रती को स्वच्छ घाट, सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि हजारीबागवासी पूरी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ लोक आस्था के इस महापर्व को संपन्न कर सकें।






Leave a comment