झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। चांडिल वन क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड टोला में सोमवार रात 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। मृत हाथी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाथी सोमवार रात भोजन की तलाश में गांव की ओर पहुंचा था। इसी दौरान खेत की मेड़ पार करते समय वह नीचे लटक रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर वन विभाग और बिजली विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। उन्होंने तारों की ऊंचाई की जांच कराने और हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग हाथी की मौत के कारणों की जांच कर रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।





Leave a comment