रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि प्रभाग) के तत्वावधान में शुक्रवार को पतरातू प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला सह ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग को बढ़ावा देना है।
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख, पतरातू एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ (प्रचार वाहन) को रवाना करने के साथ हुआ। यह जागरूकता रथ प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में भ्रमण कर बैनर-पोस्टर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से किसानों को मिट्टी संरक्षण और ‘खेत बचाओ अभियान’ से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्नत कृषि तकनीकों और मिट्टी संरक्षण पर दी गई जानकारी
सभागार में आयोजित कार्यशाला के दौरान पदाधिकारियों ने “स्वस्थ धरा, समृद्ध किसान” के संकल्प को दोहराया और उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए निम्नलिखित प्रमुख जानकारी साझा की:
- मिट्टी की सेहत की सुरक्षा: रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी को हो रहे नुकसान से बचाने के लिए जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी गई।
- रबी फसलों की उन्नत खेती: गेहूं, चना, सरसों और दलहन-तिलहन फसलों के उन्नत बीजों, बीज उपचार और आधुनिक सिंचाई पद्धतियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
- विभागीय योजनाओं का लाभ: किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित अनुदानित बीज वितरण, फसल बीमा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख (पतरातू) के साथ प्रखंड कृषि पदाधिकारी (पतरातू), जनसेवक परमानंद कुमार, जनसेवक रंजीत कुमार रजक, प्रभारी बीटीएम (BTM) कनुप्रिया, एटीएम (ATM) अमित कुमार सहित प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण कृषक उपस्थित हुए।





Leave a comment