हजारीबाग: कटकमसांडी थाना पुलिस ने वर्ष 2024 के चर्चित मामले में फरार चल रही महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार कटकमसांडी थाना कांड संख्या 165/2024, दिनांक 24.07.2024, धारा 103(1)/123 बीएनएस के नामजद अभियुक्त सुमन देवी, पति सुरेन्द्र यादव, मूल निवासी ग्राम कसियाडीह, थाना कटकमसांडी तथा वर्तमान पता ग्राम केदारतू, थाना पद्मा ओपी (बरही), जिला हजारीबाग को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
यह मामला वर्ष 2024 में उस समय काफी चर्चाओं में आया था, जब सुमन देवी ने कथित रूप से स्वयं तथा अपनी पुत्री को जहर खिला दिया था। इस घटना में उसकी पुत्री की इलाज के दौरान आरोग्यम अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से ही सुमन देवी लगातार फरार चल रही थी और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी।
थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अभियुक्ता का पता लगाया तथा सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि कटकमसांडी पुलिस फरार अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश की सक्रिय कार्यशैली और सतत निगरानी के कारण लंबे समय से कानून से बच रही अभियुक्ता आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गई। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का मजबूत उदाहरण बताया।
Leave a comment