गिरिडीह : गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र स्थित खोजाटोल गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव गहराता चला गया, जो अंततः हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान लाठी-डंडों के साथ तलवार और भाले तक चले। घटना में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कुनी महथा (60), सुखनी देवी (55), संजय महथा (38), कौशल्या देवी (55) और गुंजा कुमारी (16) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के लिए सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुनी महथा और सुखनी देवी को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। मंगलवार को बातचीत के दौरान मामला गर्मा गया और गाली-गलौज से शुरू होकर झड़प ने उग्र रूप ले लिया।
Leave a comment