रामगढ़। विश्व वॉलीबॉल दिवस के अवसर पर केयर ग्रामीण विकास केंद्र द्वारा सरना पार पोचरा में संचालित महिला वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र में इनर व्हील क्लब, रामगढ़ की ओर से राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों के बीच जर्सी, खेल के जूते एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्वेता जैन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि रामगढ़ जिले के लिए यह गर्व की बात है कि पोचरा जैसे छोटे से गांव की 10 बेटियां राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ले रही अन्य खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं और क्लब उनकी हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
क्लब की सचिव नवलजीत कौर ने कहा कि आज के मोबाइल युग में बेटियों का खेल के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी वॉलीबॉल के माध्यम से न सिर्फ अपना भविष्य संवार रही हैं, बल्कि पूरे रामगढ़ जिले का नाम भी रोशन कर रही हैं।
इस अवसर पर टीम-ए और टीम-बी की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद प्रदर्शनी मैच का शुभारंभ किया गया। मुकाबले में टीम-बी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम-ए को सीधे दो सेटों में 25-20 से पराजित किया।
कार्यक्रम में निधि चौधरी, अंबली जैन, नीरू साव, गुरुबॉक्स सैनी, जसविंदर होरा तथा प्रशिक्षक बसंत नायक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग मिलने की उम्मीद जताई।
Leave a comment