रामगढ़ जिला स्थित बरकाकाना थाना क्षेत्र में कल बुधवार की रात रामगढ़-पतरातू मेन रोड पर मुंडा ढाबा के पास हुई एक कार और बाइक में टक्कर हो गई। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि जैसे ही कार और बाइक में भिड़ंत हुई मौके पर ही बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी के मुताबिक, भुरकुंडा से रामगढ़ जा रही एक कार और बरकाकाना से घुटूवा जा रही एक बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए, जबकि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मोजाहिद अंसारी उर्फ छोटे को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक ईदुल अंसारी की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही लोगों में गुस्सा भड़क उठा और शव को सड़क पर रखकर रात भर सड़क जाम कर रखा।
सूचना मिलने पर बरकाकाना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को नियंत्रण में लिया। वहीं, पुलिस द्वारा पूछताछ में परिवार वालों ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने की वजह से हुआ। वे प्रशासन से मुआवजे और दोषी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है।
Leave a comment