15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, 5 अक्टूबर से नामांकन और 21 अक्टूबर को होगा मतदान
कटकमसांडी : आराभुसाई पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का प्रदर्शन कर दिया गया है, जिससे चुनावी गतिविधियों में तेजी आ गई है। पैक्स से जुड़े सदस्यों के बीच चुनाव को लेकर उत्साह और सक्रियता बढ़ने लगी है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन 15 सितंबर को किया जाएगा। वहीं 5 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 21 अक्टूबर को मतदान निर्धारित किया गया है। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद शौकत सरवर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
निर्वाचन पदाधिकारी शौकत सरवर ने सभी पैक्स सदस्यों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सदस्यों से मतदाता सूची का अवलोकन करने तथा किसी प्रकार की आपत्ति या आवश्यक सुधार होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी देने की अपील की।
शौकत सरवर की सक्रिय निगरानी और व्यवस्थित तैयारियों से आराभुसाई पैक्स चुनाव को लेकर प्रक्रिया गति पकड़ रही है। चुनावी कार्यक्रम को लेकर सदस्यों में उत्सुकता बढ़ गई है और अब सभी की निगाहें 15 सितंबर को होने वाले अंतिम मतदाता सूची के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
Leave a comment