हजारीबाग। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलवावारा में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी मो. अशरफ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भेलवावारा स्थित मोबाइल दुकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर दुकान के अंदर से नकद राशि, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान की चोरी कर ली थी। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुफ्फसिल थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और जांच के बाद घटना में संलिप्त मो. अशरफ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी की गई ₹4,800 की नकद राशि, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
चोरी की घटना के बाद जिस तेजी से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की, उससे पुलिस की सक्रियता सामने आई है। थाना प्रभारी मुकेश सिंह के नेतृत्व में की गई त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। उनकी तत्परता से एक ओर जहां चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हुआ, वहीं अपराधियों के बीच भी पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
मुफ्फसिल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के शिकंजे से बच पाना आसान नहीं होगा।
Leave a comment