हजारीबाग। जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद-रेवाली गांव में करमा पर्व के बाद तालाब में डूबने से सत्येंद्र भुइयां की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय बच्चों ने सत्येंद्र भुइयां को तालाब में डूबते देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को घटना की जानकारी देते हुए तलाश अभियान शुरू किया।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों ने करीब दो से तीन घंटे तक तालाब में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद सत्येंद्र भुइयां का शव तालाब से बरामद किया गया।
शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया है कि सत्येंद्र भुइयां का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उनके पीछे पत्नी तथा तीन बच्चे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि की ओर से प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजा देने की मांग की गई है।
अंचल अधिकारी ने कहा है कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा ली है।
Leave a comment