
गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक हिरासत में
बड़कागांव(हजारीबाग)। बड़कागांव थाना क्षेत्र में घर के बाहर से चोरी हुए ट्रैक्टर के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही समय में सफल उद्भेदन करते हुए चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया। बड़कागांव थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार 19/20 सितंबर की रात ग्राम पकरी बरवाडीह निवासी टुकन साव, पिता कोल्हा साव के घर के बाहर खड़ा ब्लू रंग का Eicher कंपनी का ट्रैक्टर अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा चोरी कर लिया गया था। घटना को लेकर टुकन साव के लिखित आवेदन के आधार पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 164/26, दिनांक 20.09.2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
चोरी गए ट्रैक्टर और अज्ञात अपराधियों की तलाश में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर गुप्तचरों को सक्रिय किया। इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कांड में संदिग्ध बिनोद कुमार, पिता स्व. बासुदेव साव, ग्राम उपरोल पहरा, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के लिखलाही घाटी जंगल से चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में गिरफ्तार आरोपी बिनोद कुमार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 22 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी की सक्रियता से पुलिस को मिली बड़ी सफलता
चोरी की घटना के बाद बड़कागांव थाना प्रभारी द्वारा जिस तेजी से अनुसंधान को आगे बढ़ाते हुए गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया, उससे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। महज कुछ ही समय में चोरी गए ट्रैक्टर की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी बड़कागांव पुलिस की तत्परता, सक्रियता और बेहतर अनुसंधान को दर्शाती है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
Leave a comment