कटकमदाग पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोर गिरफ्तार, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की सक्रियता की सराहना
कटकमदाग(हजारीबाग)। कटकमदाग थाना क्षेत्र में घर से लैपटॉप और दो मोबाइल चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी गए सामान को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और तकनीकी व मानवीय सूचना तंत्र की प्रभावशीलता सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, कस्तूरीखाप निवासी गौरीशंकर प्रसाद दांगी के घर से 22 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने लैपटॉप और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। मामले में कटकमदाग थाना कांड संख्या 179/26, दिनांक 23 सितंबर 2026 को धारा 331(1)/305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सहयोग से तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक HP लैपटॉप, एक INFINIX स्मार्टफोन और एक OPPO स्मार्टफोन बरामद किया। मामले में अली राजा उर्फ बबलू, उम्र करीब 22 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पूरे मामले में कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई उल्लेखनीय रही। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए जांच को आगे बढ़ाया और तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर चोरी गए सामान तक पहुंच बनाई। महज 24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के सभी सामान की बरामदगी से थाना पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल सदन कुमार महथा, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, पुअनि चित्ररंजन कुमार, सअनि संतोष कुमार महतो समेत तकनीकी शाखा एवं थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
Leave a comment