जमशेदपुर। शहर में चोरी और छिनतई की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटी और चेन चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के कुछ सदस्य MGM अस्पताल के आसपास किसी वारदात की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ और बरामद सामान के मिलान के आधार पर MGM और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छह मामलों का खुलासा होने की बात सामने आई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल और अन्य सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन के अलावा सोने का लॉकेट, चांदी की चेन और अन्य आभूषण भी बरामद किए हैं। साथ ही दो चोरी की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के सदस्य शहर में हुई अन्य चोरी और छिनतई की घटनाओं में भी शामिल थे या नहीं।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
Leave a comment