रांची। JPSC-JSSC की परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर AJSU नेता संजय मेहता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर व्यापक सुधार के लिए कानूनी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने की जरूरत बताई है।
संजय मेहता की ओर से सरकार को सौंपे गए मांग पत्र में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और बाहरी एजेंसियों की भूमिका जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए व्यापक सुधार की मांग की है।
उन्होंने मांग की है कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं के लिए स्पष्ट नियम, निश्चित परीक्षा कैलेंडर और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
मांग पत्र में विवादित परीक्षाओं की जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा की मांग भी शामिल है। संजय मेहता ने कहा कि बार-बार परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों का समय, पैसा और भरोसा प्रभावित होता है।
AJSU नेता ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बेहतर प्रणालियों का अध्ययन करने का सुझाव भी दिया है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिस पर अभ्यर्थियों को भरोसा हो।
गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र आंदोलन के बीच सरकार भी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए युवाओं से सुझाव मांग चुकी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध परीक्षा व्यवस्था बनाने की बात कही है।
अब संजय मेहता की ओर से कानून और व्यापक सुधार की मांग के बाद सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती है, इस पर नजर बनी हुई है।
Leave a comment