रांची। JPSC-JSSC विवाद को लेकर हाईकोर्ट के फैसले के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले का सम्मान है, लेकिन छात्रों की मांगों और भर्ती व्यवस्था में सुधार का मुद्दा अभी खत्म नहीं हुआ है।
देवेंद्र महतो ने कहा कि छात्रों को सरकार से न्याय और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की उम्मीद है। उनका कहना है कि यदि सरकार अपने वादों और छात्रों से किए गए भरोसे पर कायम रहती है तो आंदोलन को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की मुख्य चिंता ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें भविष्य में पेपर लीक, धांधली या पैरवी जैसी शिकायतों की गुंजाइश न रहे। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में स्थायी सुधार और जवाबदेही की मांग दोहराई।
देवेंद्र महतो ने कहा कि सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों पर छात्र नजर बनाए हुए हैं। यदि छात्रों को लगा कि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है या भरोसा टूट रहा है, तो फिर से आंदोलन शुरू किया जा सकता है।
गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर लंबे समय तक छात्र आंदोलन चला। सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले के बाद देवेंद्र महतो ने अपना अनशन समाप्त किया था, लेकिन उन्होंने व्यवस्था में स्थायी सुधार की लड़ाई जारी रखने की बात कही थी।
अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद छात्रों और सरकार के बीच आगे की स्थिति महत्वपूर्ण हो गई है। सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुधार को लेकर आगे क्या कदम उठाती है।
Leave a comment