जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस और रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें तीन युवक घायल हो गए।
रिपोर्टों के अनुसार, जुलूस के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और डीजे वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। धारदार हथियार से हमले की भी सूचना है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में क्यूआरटी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
Leave a comment