
विदेशों में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के निर्यात को लेकर चिरेका की उत्पादन क्षमता और आधुनिक तकनीकों का लिया जायजा
जामताड़ा से कपिल देव दास की रिपोर्ट।
चित्तरंजन: माननीय सांसद एवं जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने बुधवार को अपनी टीम तथा राइट्स (RITES) के प्रतिनिधियों के साथ चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विदेशों में निर्यात के लिए उच्च क्षमता वाले इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव (रेल इंजन) के निर्माण की संभावनाओं का आकलन करना तथा चिरेका की उत्पादन क्षमता का जायजा लेना था।

दौरे के दौरान नवीन जिंदल ने चिरेका के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के निर्माण, तकनीकी दक्षता, उत्पादन क्षमता और भविष्य की योजनाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

इसके उपरांत उन्होंने कारखाने के शॉप फ्लोर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के निर्माण की प्रक्रिया, उन्नत तकनीकों, मशीनों की कार्यप्रणाली तथा कारखाने की दैनिक उत्पादन क्षमता को करीब से देखा और समझा।
इस दौरे को भारतीय रेलवे के निर्यात क्षेत्र में संभावनाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। चिरेका की आधुनिक तकनीकी क्षमता और उत्पादन दक्षता के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय रेल इंजनों की पहुंच बढ़ाने की संभावनाओं पर भी इस दौरान ध्यान केंद्रित किया गया।
उक्त जानकारी चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी की गई है।





Leave a comment