रामगढ़ (झारखंड)। नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (NJA) ने संगठनात्मक विस्तार एवं पत्रकारों के हितों को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजीव कुमार सिंह को रामगढ़ जिला अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया है। उनके मनोनयन से जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है।
यह मनोनयन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता की सहमति एवं विचार-विमर्श के बाद किया गया। झारखंड प्रभारी विनीत सिन्हा ने राजीव कुमार सिंह के जिला अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि राजीव कुमार सिंह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। साथ ही रामगढ़ जिले में पत्रकारों को एकजुट कर संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करने तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना तथा देशभर में पत्रकार एकता को मजबूत करना है।
वहीं, झारखंड प्रभारी विनीत सिन्हा ने विश्वास जताया कि राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में रामगढ़ जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
रामगढ़ जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर राजीव कुमार सिंह ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता एवं झारखंड प्रभारी विनीत सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे।
उन्होंने कहा, “नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन पत्रकारों की आवाज है। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए मैं पूरी निष्ठा के साथ कार्य करूंगा। पत्रकारों की आवाज को दबने नहीं दूंगा। पत्रकारों के साथ किसी भी तरह का अन्याय होने पर उनके हक और अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ा रहूंगा। रामगढ़ जिले के पत्रकारों को एकजुट कर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता होगी।





Leave a comment