रामगढ़ आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने गुरुवार को छत्तरमांडू स्थित टाउन हॉल के समीप बड़की नदी छठ घाट का निरीक्षण किया।

इस दौरान उपायुक्त ने छठ घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व को देखते हुए घाटों की साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ की दुरुस्ती, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करें, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।






Leave a comment