रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 30 जून से राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय हो रहे मानसून के प्रभाव से कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित जलभराव, पेड़ गिरने और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
मौसम विभाग ने किसानों को भी मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने और कृषि कार्य मौसम की स्थिति के अनुसार करने की सलाह दी है। भारी बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
Leave a comment