
हजारीबाग नगर निगम की ओर से प्रधान जनगणना पदाधिकारी ने आगामी जनगणना 2027 के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इस राष्ट्रीय अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की. यह जनगणना देश, राज्य और शहर के विकास कार्यों की परिकल्पना तथा भविष्य की जरूरतों के आकलन का मुख्य आधार है. आगामी जनगणना का प्रथम चरण कल यानी 01 मई 2026 से शुरू होकर 15 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) की विशेष व्यवस्था की गई है. चूंकि यह एक डिजिटल जनगणना है, इसलिए नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार समय निकालकर पोर्टल पर डेटा एंट्री कर सकते हैं और उसके बाद जेनरेट होने वाले SE Ref. ID को उन्हें सुरक्षित रखना होगा.

जनगणना के इस प्रथम चरण में मुख्य रूप से मकान सूचिकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जिसमें मकानों के स्वामित्व और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे. इस अभियान में आम जन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा वार्ड पार्षदों, सखी मंडलों और विभिन्न एसोसिएशनों के माध्यम से व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है. इसके साथ ही निगम के पदाधिकारी क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों तक पहुँचकर उन्हें पोर्टल की जानकारी दे रहे हैं ताकि वे स्व-गणना कर अन्य लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें.
अभियान का दूसरा भाग 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक कुल 30 दिनों के लिए चलेगा, जिसमें प्रगणक मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा कलेक्शन का कार्य करेंगे. खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी. प्रशासन ने सभी नगर निगम क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण सांख्यिकीय और प्रशासनिक अभ्यास में सही, सटीक और पूर्ण जानकारी प्रदान करें और डिजिटल माध्यम का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए प्रगणकों को अपना पूर्ण सहयोग दें.

Leave a comment