हजारीबाग। हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के धरमपुर गांव निवासी छोटी ठाकुर की मुंबई में डेंगू से मौत हो गई। वह करीब दो महीने पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था और वहां एक होटल में काम कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, छोटी ठाकुर पिछले करीब आठ दिनों से डेंगू से पीड़ित था। शुरुआती दौर में सामान्य बुखार समझकर उसका इलाज कराया जा रहा था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने शव को हवाई मार्ग से मुंबई से कोलकाता मंगवाया, जिसके बाद एंबुलेंस से शव को पैतृक गांव धरमपुर लाया गया। बाद में गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
छोटी ठाकुर की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उनके पीछे पत्नी और करीब छह माह की बच्ची है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक आई इस त्रासदी से ग्रामीण भी बेहद दुखी हैं।
मुंबई में मानसून के दौरान डेंगू समेत मच्छरजनित बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी की खबरें सामने आ रही हैं।
छोटी ठाकुर की मौत से उनके गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
Leave a comment