रांची। राजधानी के पिस्का मोड़ के पास पशुओं से लदा एक वैन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौके पर हंगामा हो गया। घटना के बाद कुछ लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में आग लगा दी, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से घटना और वाहन में आग लगाने को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment