
गहरे पानी वाले स्थानों पर रेड रिबन एवं बांस से बैरिकेडिंग, पर्याप्त गोताखोरों की तैनाती, साफ-सफाई, प्रकाश एवं अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
लोहरदगा से सद्दाम खान की रिपोर्ट
आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुरक्षा तथा घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कोयल नदी के सीठियो घाट, नगर क्षेत्र के ठकुराइन तालाब, बड़ा तालाब छठ घाट, शंख नदी छठ घाट एवं कोयल नदी पर भक्सो स्थित छठ घाट का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं छठ पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीठियो घाट का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां रेड रिबन एवं बांस से बैरिकेडिंग करने तथा श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए चेतावनी संकेत लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय समय पर सुनिश्चित किए जाएं। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को घाट तक आने वाले रास्तों पर धूल से बचाव के लिए टैंकर के माध्यम से पानी का छिड़काव कराने तथा जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन को चलंत शौचालय एवं पर्याप्त कूड़ेदान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। सहायक खनन पदाधिकारी को पार्किंग स्थल का समतलीकरण कराने तथा छठ पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में सुरक्षित अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही घाटों की साफ-सफाई एवं पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
ठकुराइन तालाब छठ घाट के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से बोट एवं पानी में तैरने वाले ट्यूब की व्यवस्था रखने, तालाब के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बड़ा तालाब छठ घाट के निरीक्षण के क्रम में छठ पूजा समिति से अस्थायी चेंजिंग रूम, लाइटिंग एवं गहरे पानी वाले स्थानों पर बांस से बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को पर्याप्त गोताखोरों की तैनाती एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शंख नदी स्थित छठ घाट के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाट की समुचित साफ-सफाई, आवश्यकतानुसार मिट्टी भराव कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पैदल पुल निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
भक्सो स्थित छठ घाट के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छठ पूजा समिति द्वारा की जा रही साफ-सफाई, पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम, आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं छठ पूजा समितियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां ससमय पूर्ण करने तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने सभी छठ घाटों एवं आवश्यक स्थानों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, एनडीसी अभिनीत सूरज, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मुक्ति कीड़ो, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सेन्हा संग्राम मुर्मू, सदर थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





Leave a comment