
महिला अपराध व साइबर कांडों का 60 दिनों में निष्पादन, वारंट-कुर्की के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश

हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण तथा आगामी ईद-उल-मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म एवं POCSO से संबंधित मामलों को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने को कहा गया। वहीं वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

जुलाई में 317 कांड दर्ज, 668 कांडों का निष्पादन
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई 2026 में हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में कुल 317 कांड दर्ज हुए, जबकि 668 कांडों का निष्पादन किया गया। इसके साथ ही 1,225 वारंट/कुर्की तथा 1,749 पासपोर्ट का भी निष्पादन किया गया।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

हर सप्ताह थाना दिवस, जमीन विवादों का होगा समाधान
जमीन विवादों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों को प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया गया। थाना दिवस में स्थानीय अंचलाधिकारी के साथ समन्वय कर जमीन विवाद से संबंधित मामलों का समाधान करने को कहा गया।
इसके अलावा साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

नशीले पदार्थों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित करने तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान कर विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त लोगों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध CCA, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी से संबंधित प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।
अवैध कोयला, बालू और पत्थर खनन पर सख्ती
जिले में अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
साइबर अपराध से संबंधित सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने और मामलों में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
आम जनता की समस्याओं का समय पर हो समाधान
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधकर्मियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने आगामी ईद-उल-मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भी सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
Leave a comment