आवेदन मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस, तकनीकी शाखा की मदद से तलाश कर परिजनों को सौंपा
गिद्दी(हजारीबाग)। गिद्दी थाना क्षेत्र से एक शादीशुदा युवती के गुम होने की सूचना मिलने के बाद गिद्दी पुलिस ने त्वरित और सक्रिय कार्रवाई करते हुए उसे तमिलनाडु से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस तत्परता से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को विवाहिता के गुम होने संबंधी आवेदन गिद्दी थाना में प्राप्त हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना में सन्हा दर्ज कर तत्काल छानबीन शुरू की गई। गिद्दी थाना प्रभारी एकबाल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा की सहायता से गुमशुदा महिला के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई और उसके ठिकाने का पता लगाया।
पुलिस की मेहनत और तकनीकी निगरानी के परिणामस्वरूप गुमशुदा विवाहिता को तमिलनाडु से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए 25 सितंबर 2026 को उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
गुमशुदगी के मामले में महज कुछ दिनों के भीतर दूसरे राज्य से महिला को सकुशल बरामद करना गिद्दी थाना पुलिस की सक्रियता, तत्परता और बेहतर पुलिसिंग को दर्शाता है। इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी एकबाल हुसैन की सक्रिय भूमिका और त्वरित कार्रवाई की जितनी सराहना की जाए, कम है। उनके नेतृत्व में पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास करना क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों के विश्वास को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
Leave a comment